पशुधन, लघु सिंचाई एवं मत्स्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि यूपी में दोबारा से कर्ज माफी नहीं होगी। जोत घट रही है, किसानों को खेती का तौर-तरीका बदलना होगा। उन्होंने गन्ने के साथ ही मछली, गाय और भैंस पालन की सलाह दी।
उन्होंने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से बड़ा खतरा गिरते भूजल स्तर और आवारा पशुओं से बताया। साथ ही कहा कि नए दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए किसान अपने बच्चों को अंग्रेजी, कंप्यूटर और सामान्य ज्ञान से जुड़ी शिक्षा जरूर दिलाएं।
शुक्रवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में उत्तर प्रदेश फसल ऋण मोचन योजना के जिलास्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि रहे बघेल ने यह बात कही। यहां उन्होंने विधायक योगेश धामा के साथ 5480 किसानों को 44 करोड़ ऋण माफी के प्रमाणपत्र वितरित किए।
बघेल ने स्पष्ट किया कि सरकार ने ऋण माफी का अपना वादा पूरा किया। लेकिन भविष्य में दोबारा कर्ज माफ होने वाला नहीं है। उन्होंने किसानों को आधुनिक खेती, ड्रिप सिंचाई की सलाह दी।
गन्ने की परंपरागत खेती को घटती जोत की वजह से घाटेे का सौदा बताया। खेती के समानांतर विकल्प तलाशने की बात कही ताकि भविष्य चौपट होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग में किसानों को लाटरी सिस्टम से पशुपालन के लिए ऋण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने भाजपा की केंद्र और यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। विधायक योगेश धामा ने कहा कि सरकार का किसानों के हित में यह बड़ा कदम है।
डीएम भवानी सिंह खंगारौत, सीडीओ चांदनी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर, जिला कृषि अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार, एएसपी अजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ राजपाल सिंह, करतार सिंह, रामपाल नेहरा, सुदेश चौहान, भूपेंद्र चौहान, रविंद्र बली, अमित मानव, सोनिया चौधरी मौजूद रहे। संचालन हूब लाल ने किया।
कृषक ऋण मोचन के प्रमाण-पत्र वितरण स्थल पर अलग-अलग बैंकों के स्टॉल लगे हुए थे। जहां से किसानों को उनके लोन से संबंधित जानकारी दी गई। स्टालों पर किसानों की काफी भीड़ रही।
डीएम खराब तो बिगड़ जाएगा जिला
कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने नौकरियों में इंटरव्यू खत्म करने की पहल की सराहना की। लेकिन यह भी कहा कि आईएएस के लिए इंटरव्यू की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए क्योंकि जिस व्यक्ति को एक जिले की जिम्मेदारी दी जाती है, अगर वह परफेक्ट नहीं हो तो पूरे जिले की ही हालत बिगड़ जाएगी।
बघेल बोले- प्राइमरी स्कूलों का बुरा हाल, अच्छे संस्थानों में बच्चे पढ़ाएं
बागपत। सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हालत बेहद खराब है। स्कूलों में भूसा भरे जाने, पशु बांधने समेत अन्य शिकायतें मिलती रहती हैं। किसानों से आह्वान किया कि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाएं। अच्छे शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाएं। क्योंकि शिक्षा ही उनका भविष्य संवार सकती है।
यही नहीं कामधेनु योजना को बंद किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कामधेनु योजना में एक तरह से अमीरों ने और प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर लिया था। आर्थिक तौर से कमजोर लोगों के लिए पशुपालन की नई योजना लेकर आाएंगे।