खेत से लौट रहे किसान को वाहन से कुचला, मौत
दोघट। दाहा गांव में सोमवार की रात खेत से लौट रहे किसान को किसी वाहन से कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दाहा निवासी मनोज ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका भाई संजय (42) सोमवार की शाम खेत पर गया था। सिंचाई आदि का काम खत्म कर वह रात करीब नौ बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान नहर के पास किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। ग्रामीण और परिजनों को हादसे की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मां कृष्णा व भाई मनोज का रो रोकर बुरा हाल है।
उधर, एसओ रमेश सिंह ने बताया कि मनोज की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।