बागपत। बागपत कोऑपरेटिव शुगर मिल में 24 घंटे गन्ने की तौल बंद रही। इससे परेशान किसानों ने मिल के अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ही तौल शुरू नहीं की गई तो किसान धरना देने पर मजबूर होंगे।
बागपत शुगर मिल परिसर स्थित जिला गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर शनिवार शाम फैजल्लापुर, निनाना, नैथला, बाघू, चौहल्दा, मीतली, काठा, मवीकलां आदि गांव के दर्जनों किसान पहुंचे। किसानों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने बताया कि बागपत मिल में 24 घंटे से तौल बंद है। किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर मिल के बाहर इंतजार कर रहे हैं। उन्हें न तो रमाला मिल भेजा जा रहा है और न गन्ना तौला जा रहा है। मिल के अधिकारियों से भी शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। तौल शुरू न होने से किसानों को दिक्कत झेलनी पड़ रहीं है। किसानों ने कहा कि अभी भी उनकी सैकड़ों बीघा फसल खड़ी है। अगर जल्द ही तौल शुरू नहीं हुई तो वह धरना देने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने अपना बचा हुआ गन्ना रमाला मिल को स्थानांतरित किए जाने की भी मांग की। भाकियू नेता इंद्रपाल सिंह का कहना है कि किसानों की इस समस्या को लेकर डीसीओ कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस मौके पर सोहनवीर, राजेंद्र, उत्तम, अमित, मुकेश, जरीफ, महेश, नीरज आदि किसान मौजूद रहे।
वर्जन -
जून का महीना शुरू होने वाला है। अब गन्ना भी कम आ रहा है। 17 सेंटरों का गन्ना रमाला मिल भेजा जा रहा है। किसानों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। राजकुमार जैन, महाप्रबंधक बागपत चीनी मिल।