बागपत। किसानों को यूरिया संकट से निकालने के लिए अब निजी कंपनियों की लगनी वाली रैक से सहकारी समितियों को 40 प्रतिशत यूरिया मिलेगा। बाकी 60 प्रतिशत यूरिया निजी क्षेत्र की दुकानों पर जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव ने बताया कि निजी कंपनियों का यूरिया सहकारी समितियों को मिलने से यूरिया संकट नहीं रहेगा। इसके अलावा मेरठ में दूसरी रैक लगने से बागपत को 450 मीट्रिक टन यूरिया ओर आवंटित हुआ। इसमें से 341.5 मीट्रिक टन सहकारी समितियों व 50 मीट्रिक टन गन्ना विभाग व 58.50 मीट्रिक टन कृभको को मिलेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि शाहजहांपुर गांव में एक विक्रेता की दुकान पर कीटनाशकों का स्टॉक रजिस्टर नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, सहायक आयुक्त सहकारिता इंदू सिंह ने बताया कि अधिकांश सहकारी समितियों पर यूरिया पहुंच गया है। जिन समितियों पर यूरिया नहीं पहुंचा, वहां शुक्रवार की सुबह तक यूरिया पहुंच जाएगा। 14 समितियों पर यूरिया संकट होने से हजारों किसान परेशान थे, मगर अब यूरिया पहुंचने से राहत मिलेगी।