बिनौली । थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वरनगर गांव में किसान ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया।
बाबूराम (48) पुत्र दिलावर सिंह ट्रैक्टर से जुताई का कार्य करता था। रात्रि में बाबू ने कमरे का दरवाजा बंद कर दरवाजे के ऊपर वेंटीनेटर पर फांसी का फंदा लगाकर खुदखुशी कर ली। मंगलवार दोपहर तक उसके कमरे से बाहर नही निकलने पर परिवार व आस पड़ोस के लोग पहुंचे ओर कमरे में देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। बड़े भाई लोकेंद्र की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक शराब पीने का आदि था। कई वर्ष पूर्व उसकी शादी भी हुई थी लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गयी थी। उसे कोई बच्चा भी नही है। वह अपने भाइयों से अलग अपने माता पिता के साथ रहता था। पिता बुजुर्ग हैं, जो बोल नहीं पाते। इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी।