- अंकित हत्याकांड : मृतक के परिजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सिरसली गांव के अंकित हत्याकांड में समझौते के लिए मृतक के परिवार को धमकी दी जा रही है। जिससे दहशत में आए परिवार ने एसपी को शिकायत देकर गांव से पलायन करने की चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
सिरसली गांव की रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 22 फरवरी की रात उसके बेटे अंकित पर तीन युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। जिसमे घायल अंकित की दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि झगड़े के बाद पुलिस ने तीनों हमलावरों को पकड़ लिया था, लेकिन बाद में दो हमलावरों को छोड़ दिया गया।
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उसके बेटे की हत्या में पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेज दिया। आरोप लगाया कि फरार आरोपी अब उन पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं और समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने एसपी से फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मृतक के बयानों को विवेचना में शामिल करने की मांग की।