बागपत। पुरामहादेव में शनिवार से तीन दिवसीय फाल्गुनी मेला शुरू होगा। इससे पहले शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। वहीं इस बार वहां तीन लाख से ज्यादा कांवड़ियों, श्रद्धालुओं के पहुंचकर जलाभिषेक करने की संभावना है। इसको देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी तो वहां एटीएस की नजर भी रहेगी और वह जांच करेगी। वहीं मंडलायुक्त भानूचंद्र गोस्वामी व डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी पहुंचकर निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
महाशिवरात्रि पर्व पर पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर लाखों की संख्या संख्या में कांवड़िये व श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। इसको देखते हुए ही सुरक्षा से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को पहले ही बेहतर कर दिया गया है। मंदिर में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए कांवड़िये पहुंचना शुरू हो गए हैं और वहां उनके रुकने की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शुक्रवार को भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की। मंदिर में अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए अधिकारी लगे हुए हैं। परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए नियमित कांवड़िये व श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार रविवार शाम को चार बजकर दो मिनट पर झंडा रोहण होगा और उससे करीब एक घंटे पहले झंडा पूजन शुरू किया जाएगा। इस दौरान डीएम अस्मिता लाल, एसपी सूरज कुमार राय, एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
मंडलायुक्त व डीआईजी ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया
बालैनी। पुरामहादेव मंदिर में शुक्रवार को कमिश्नर भानू चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, गर्भ गृह, मंदिर आने जाने वाले रास्ते, सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग, कांवड़ शिविर आदि का निरीक्षण किया। कहा कि मेले के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए और कहा कि जब तक ड्यूटी स्थल पर दूसरे अधिकारी व कर्मचारी न आ जाएं, तब तक वहीं तैनात रहें।
एक हजार जवानों को सौंपा गया सुरक्षा का जिम्मा, वाहनों पर पाबंदी
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मंदिर व आसपास करीब एक हजार जवानों को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि करीब चार सौ पुलिस कर्मी व पीएसी के जवान बाहर से आएंगे, जिनकी ड्यूटी यहां लगाई गई है। वहीं मंदिर की तरफ आने वाले रास्तों पर आम वाहनों पर पाबंदी लगाई गई है, जिससे किसी तरह की कोई अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मंदिर के पास दुकानें भी सजीं
पुरा महादेव मंदिर पर आने वाले श्रद्धालु वहां खरीदारी भी करते हैं। इसके लिए मंदिर के आसपास दुकानें भी सज गई हैं, जहां खिलौने, भगवान शिव की मूर्तियां, सौंदर्य प्रसाधन समेत अन्य सामान हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने वहां से खरीदारी भी शुरू कर दी।
गर्भगृह में न रहे अधिक भीड़, समय से पहुंंचें
बालैनी। पुरामहादेव मंदिर में फाल्गुनी मेले को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई। डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि ड्यूटी दो शिफ्ट में रहेगी। सभी अपने ड्यूटी प्वाइंट को पहले से ही चेक कर लें और सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी आपस में संपर्क में रहें। कोई भी असामाजिक तत्व को दिखे तो तुरंत इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दें। एसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि गर्भ गृह में ज्यादा देर भीड़ को रुकने न दें।
हर-हर महादेव के जयघोष से मंजिल की तरफ बढ़ रहे कांवड़िये
दोघट। फाल्गुनी माह की महाशिवरात्रि पर बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग से कांवड़िया भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे हैं। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान व पंजाब के कांवड़िया अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। सोनीपत के मुकीमपुर गांव निवासी सतीश, दयानंद, रणधीर आदि ने बताया कि सनातन धर्म में सभी को अपने धर्म का पालन करना चाहिए।