आबकारी विभाग और कोतवाली पुलिस ने न्यू रामनगर कॉलोनी में मारा छापा
फैक्टरी संचालक फरार, 70 पेटी शराब के साथ चार लोग गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। आबकारी विभाग और पुलिस ने न्यू रामनगर कालोनी में शनिवार की रात छापा मार कर नकली शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने मौके से 70 पेटी तैयार नकली शराब और बनाने के उपकरण बरामद किए है। फैक्टरी संचालक मौके से फरार हो गया पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस देर रात तक कागजी कार्रवाई की तैयारी में जुटी थी।
आबकारी विभाग को सूचना मिली कि नगर की न्यू रामनगर कालोनी में एक मकान में नकली शराब बनाने की फैक्टरी चल रही है। यहां से बडे़ पैमाने पर नकली शराब बनाकर बागपत सहित अन्य जिलों में सप्लाई की जा रही है। सूचना पर शनिवार की रात जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार और इंस्पेक्टर प्रेम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मकान में छापा मारा। पुलिस को देख फैक्टरी संचालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जबकि पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके से पुलिस से 70 पेटी शराब बरामद की। इन पर तोहफा ब्रांड का टैग लगा था।
इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि यह मकान गुराना गांव के एक व्यक्ति का है। मौके पर मिली शराब नकली है, जिसे केमिकल से तैयार किया जा रहा था। मकान में हजारों ठक्कन, रेपर, एल्कोहल और अन्य सामग्री बरामद हुई है। यहीं से शराब बनाकर अन्य जगहों पर सप्लाई की जा रही थी। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चौकी इंचार्ज बेखबर, बनकर सप्लाई होती रही नकली शराब
बड़ौत। इस छापे में बिनौली रोड पुलिस चौकी पुलिस की भी लापरवाही उजागर हुई है। जिस मकान में आबकारी विभाग ने छापा मारा, उससे करीबन 300 मीटर दूरी पर ही चौकी स्थित है। चौकी इंचार्ज को छापे की सूचना भी उस समय लगी, जब आधे से ज्यादा कार्रवाई आबकारी विभाग की टीम कर चुकी थी। यह लापरवाही तब है, जब नशाखोरी के मामले में शनिवार को ही एसपी ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।