डीएम शकुंतला गौतम ने की विकास कार्यों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को विभागीय पोर्टल देखने तथा अधिक से अधिक पात्रों को सुमंगला योजना का लाभ पहुंचाने के अलावा वृद्धा, विधवा तथा दिव्यांग पेंशन के लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में विलंब से पहुंचने पर डीआईओएस, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एआरटीओ तथा अनुपस्थित आईटीआई के प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के लंबित मामलों का निस्तारण किया जाए। सीएमओ को संस्थागत प्रसव कराने व जननी सुरक्षा योजना में 72 घंटे में भुगतान कराया जाए। कार्यदायी संस्थाओं को मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराने तथा गन्ना भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए। एसडीम व तहसीलदार को बड़े बकायेदारों से वसूली कर लिस्ट तहसील में जमा करवाई जाए। पिछले माह में आबकारी विभाग का 1498 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष 1194 लाख का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने आबकारी व एसडीएम को नकली शराब बनाने व बेचने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। एडीएम अमित कुमार सिंह , ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम अनुभव सिंह, प्रभारी सीडीओ हुबलाल, एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार, एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी रवि दत्त के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी व समस्त खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।