बागपत के बड़ौत के माजरा-बुढपुर गांव के जंगल में खींची जा रही अवैध लाइन के विरोध में बृहस्पतिवार को बुढ़पुर गांव के ग्रामीणों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता का घेराव कर खरी खोटी सुनाई और कहा शीघ्र लाइन को नहीं रोका तो गांव में खून खराबा हो सकता है।
प्रशासनिक और ऊर्जा निगम के अफसरों की लापरवाही के कारण माजरा और बुढपुर गांव के ग्रामीणों में कभी भी खून-खराबा हो सकता है, क्योंकि पिछले कई दिन से जेई अंकुर, ठेकेदार राज कुमार एक्सईएन प्रथम केसी गौतम से मिलीभगत कर माजरा-बुढपुर गांव के जंगल में अवैध लाइन का निर्माण हो रहा है, इससे वहां तनावपूर्ण स्थिति बनी है।
बृहस्पतिवार को समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अमित तोमर के नेतृत्व में एक्सईएन प्रथम में अधिशासी अभियंता केसी गौतम का घेराव कर उन्हें खरी खोटी भी सुनाई। ग्रामीणों ने कहा किसी भी कीमत पर अवैध लाइन का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। चाहे वहां पर खून खराब भी क्यों न करना पड़े। अवैध लाइन निर्माण से सैकड़ों किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा समस्या के समाधान के लिए एसडीएम से लेकर डीएम तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। दूसरी तरफ एक्सईएन केसी गौतम और ठेकेदार राज कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। वहीं ग्राम प्रधान विकास ने कहा किसी भी कीमत पर अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव ने कहा शिकायत मिली है, शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। इनमेें अमित तोमर, राजपाल, कृष्णपाल, अरविंद, बादल, मास्टर जितेंद्र, ओमपाल, इंद्र, मोहन, अशोक, अशोक, संहसर पाल तोमर आदि रहे।
बिजली समस्या के लिए प्रदर्शन किया
बड़ौत। विगत दस दिन से जौनमाना गांव में बिजली न आने पर ग्रामीणों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा गांव में रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फूंका पड़ा है और कई खंभे भी टूटे पड़े हैं, लेकिन शिकायत करने के बादभी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा बिजली सप्लाई ठप होने से सैकड़ों परिवार परेशान हैं। प्रदर्शन में संजीव, बिजेंद्र, मांगेराम, ओम सिंह, कृष्णपाल, ऋषिपाल, श्रीपाल, राजवीर, किरण, पवन, हरेंद्र, डॉ. जयवीर आदि रहे।