फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आबकारी टीम और शराब तस्करों के बीच फायरिंग

Sat, 09 Jul 2016 12:19 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
थाने पर घायल सिपाही । आबकारी विभाग की टीम से जानकारी लेती पुलिस। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बागपत के बड़ौत के सुल्तानपुर हटाना गांव में आबकारी की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ छापामारी की तो लोगों ने टीम को बंधक बना लिया। इस दौरान आबकारी टीम और शराब तस्करों के बीच फायरिंग और पथराव हुआ। इसमें आबकारी टीम के पांच सिपाही और शराब तस्करी का एक आरोपी घायल हो गया। बड़ौत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आबकारी टीम को मुक्त कराया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल शराब तस्करी के आरोपी की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में आबकारी की टीम की ओर से पांच लोगों को नामजद और 15-20 अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 
विज्ञापन

 आबकारी इंस्पेक्टर एमके सिंह के मुताबिक शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि सुल्तानपुर हटाना गांव में कुछ लोग हरियाणा से अवैध रूप से शराब लाकर बेच रहे है। उन्होंने टीम के साथ रामभजन की दुकान पर छापामारी की तो वहां पर पांच-छह लोग शराब पीते हुए मिले। टीम के सदस्यों ने वहां से तीन पेटी शराब बरामद की। जैसे ही वे दुकान की तलाशी लेने और वहां पर बैठे लोगों को पकड़ने लगे, तभी उन्होंने शोर मचा दिया। वहां पर काफी लोग इकट्ठे हो गए।
  लोगों ने उन पर पथराव और फायरिंग कर दी। टीम के साथ हाथापाई कर उन्हें बंधक बना लिया। सूचना पर बड़ौत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग कर उन्हें मुक्त कराया। हमले में आबकारी टीम के पांच सदस्य सुनील, नीरज, जितेंद्र, महेंद्र प्रताप, सुरेशपाल, घायल हो गए। इनके अलावा शराब तस्करी का आरोपी रोहताश भी घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को बड़ौत सीएचसी पर भर्ती कराया। आरोपी रोहताश की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन

  रोहताश की गिरफ्तारी होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। आबकारी इंस्पेक्टर एमके सिंह की  तहरीर पर बड़ौत कोतवाली में रोहताश, रामभजन, कपिल, सचिन, राहुल को नामजद व 15-20 अज्ञात के खिलाफ (धारा 147, 148, 149, 332, 353, 504, 506, 307 आईपीसी) में रिपोर्ट दर्ज हुई।  बड़ौत कोतवाली प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि आबकारी की टीम पर शराब तस्करी के आरोपियों ने फायरिंग की है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी रोहताश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। 

पुलिस और आबकारी के खिलाफ प्रदर्शन 
बड़ौत। सुल्तानपुर हटाना गांव के काफी लोगों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। रामभजन और रामफल ने कहा कि आबकारी की टीम और बड़ौत पुलिस ने उनकी दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान वहां पर कोई शराब नहीं मिली। उसके बावजूद पुलिस और आबकारी की टीम ने उनके और महिला के साथ मारपीट की। महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं उनके मकान पर फायरिंग भी की गई। गोली लगने से रोहताश घायल हो गया। पुलिस जसवीर और रोहताश को अपने साथ ले गई। धमकी दी कि अफसरों से शिकायत की तो उन्हें झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। इससे वे काफी परेशान है। उन्होंने अफसरों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर जसवीर, आजाद, सरोज, कविता, गीता, गुड़िया मौजूद रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें