बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की तरह कापी जांचने के लिए भी परीक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर विद्यालयों की ओर से शिक्षकों का डेटा अपडेट कर दिया गया है, ताकि समय से शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा सकें।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 37 विद्यालय केंद्र बनाए गए थे। 24 मार्च से शुरू हुई बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिए में 28 हजार 127 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 12 मार्च को संपन्न होने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होकर तीन अप्रैल तक चलेगा।
मूल्यांकन करने के लिए इस बार परीक्षकों की ड्यूटी भी ऑनलाइन लगाई जाएगी। इसके लिए शिक्षकों का ब्योरा पहले से ही बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड है। बोर्ड जिन शिक्षकों को परीक्षक बनाएगा, उनकी सूची पोर्टल पर अपलोड करने के साथ डीआईओएस को भेजी जाएगी, जिससे प्रधानाचार्य संबंधित शिक्षकों को रिलीव कर सकें। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि मूल्यांकन कराने के लिए शिक्षकों का डाटा वेबसाइट पर अपलोड हो चुका है।