बागपत। प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केंद्र बनाने के लिए विद्यालयों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर गठित की गई समिति विद्यालयों का निरीक्षण कर रैंकिंग तैयार करेगी। विद्यालयों की रैंकिंग तैयार होने विद्यालयों की सूची परिषद को उपलब्ध कराई जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए जिले में तहसीलवार टीमों का गठन किया है। टीम अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण करेंगी और वहां उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर अंक निर्धारित कर रैंकिंग तैयार करेगी। समिति की रैंकिंग के आधार पर ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि जिले की प्रत्येक तहसील में चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति विद्यालयों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का ब्योरा तैयार कर उपलब्ध कराएगी। सुविधाओं के आधार पर विद्यालयों की रैंकिंग तैयार कर परिषद को उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालयों को रैंकिंग के आधार पर ही परिषद स्तर से परीक्षा केंद्र निर्धारित किया जाएगा।