बच्चों को शिक्षित करने का आह्वान और शादी में दहेज पर नियंत्रण करने पर विचार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। निरपुड़ा गांव में भूतपूर्व सैनिकों की बैठक हुई। इसमें पूर्व सैनिकों ने सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर बच्चों को शिक्षित करने के साथ-साथ साधारण शादी करने और दहेज पर नियंत्रण करने पर विचार किया गया।
बिनौली ब्लाक अध्यक्ष भीम सिंह ने कहा कि समाज को बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए, ताकि रोजगार के अच्छे अवसर मिल सकें। दहेज के कारण सामाजिकता में गिरावट आ रही है, इसके लिए लोगों को साधारण शादी करनी चाहिए। इसके अलावा बिनौली ब्लाक में भूमिगत जल का अधिक दोहन होने से जलस्तर गिरता जा रहा है। पानी बचाने के लिए इस ओर ध्यान देना जरूरी है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए पौधरोपण करने और पौधों की देखभाल अपनी संतान की तरह करने की अपील की।
रामपाल सिंह राणा, वीरपाल राठी, आनंद पवार ने भूतपूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं को उठाया। संगठन की अगली बैठक दस अप्रैल को सूजती गांव में सूबेदार रामपाल सिंह के आवास पर होगी। संतोष हॉस्पिटल मेरठ के प्रबंधक कपिल अहलावत और अपुस नोवा हॉस्पिटल मेरठ के प्रबंधक मनोज तोमर ने भूतपूर्व सैनिकों को अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बाबा भोल्लर, देवेंद्र शर्मा, रामनिवास राणा, रामपाल राणा, ओम सिंह धनौरा, आरके राम, रणधीर, कृष्णपाल मौजूद रहे।