बड़ौत। कोरोना संकट के बीच हाउस टैक्स व पानी का बिल माफ कराए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भूतपूर्व सैनिकों ने नगरपालिका परिषद कार्यालय में पहुंचकर सोशल डिस्टेंस के तहत प्रदर्शन किया। बाद में पालिका चेयरमैन से मिलकर जल्द से जल्द मांग पूरी कराए जाने की मांग की। पालिका चेयरमैन ने नगर निगम मंत्री को मांग पत्र भेजकर जल्द से जल्द मांग पूरी कराए जाने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को कैप्टन सत्यवीर सिंह पंवार के नेतृत्व में काफी संख्या में भूतपूर्व सैनिक क्लब के सदस्य व पदाधिकारी नगरपालिका परिषद कार्यालय पर पहुंचे और पालिका चेयरमैन अमित राणा से मिले। कैप्टन सत्यवीर सिंह पंवार का कहना था कि देश में फैली कोरोना महामारी के चलते हर वर्ग के लोग परेशान हैं और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसी के पास आय का कोई साधन नहीं है, जबकि परिवार का खर्च बराबर चल रहा है। ऐसी स्थिति में देश की सेवा करने वाले भूतपूर्व सैनिकों का हाउस टैक्स व पानी का बिल सरकार को माफ कर देना चाहिए। हवलदार सुरेंद्र तोमर ने कहा कि सैनिक देश के लिए हर समय तैयार रहता है, रिटायर्ड होने के बावजूद देश की सुरक्षा के लिए अग्रणी है। उन्होंने क्लब की ओर से हाउस टैक्स व पानी का बिल माफ कराएं जाने की मांग उठायी। पालिका चैयरमैन अमित राणा का कहना था कि जल्द ही नगर विकास मंत्री को मामले से अवगत कराते हुए समाधान निकाला जाएगा। इस अवसर पर कैप्टन सत्यवीर सिंह, हवलदार धीरज कुमार, सुरेन्द्र तोमर, ओमपाल, नायब सुबेदार सुभाष, बलजोर, कुलदीप, कैप्टन राठी शामिल रहे।