बागपत/बड़ौत। जिले में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां ईवीएम में गड़बड़ी के चलते कहीं आधा तो कहीं एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। जिसका पता चलने पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को बूथों तक दौड़ लगानी पड़ी। उधर मतदान को लेकर मतदाताओं की लाइनें लगीं रही।
लोकसभा चुनाव का मतदान शुरू होने से पहले ही ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी हो गई। जिसके चलते सिसाना गांव के प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लाइन लग गई, लेकिन ईवीएम खराब हो गई। जिसके चलते आधा घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। खेकड़ा के जैन इंटर कालेज के मतदान केंद्र की ईवीएम मशीन खराब होने पर पहुंचे अधिकारियों ने ठीक कराया। जिसके चलते आधा घंटा तक मतदान देरी से शुरू हुआ और मतदाताओं को धूप में बैठकर मशीन ठीक होने का इंतजार करना पड़ा। अमीनगर सराय के जैन इंटर कालेज में बने मतदान केंद्र की ईवीएम मशीन भी खराब हो गई। जो करीब 20 मिनट बाद ठीक हुई। बड़ौत के महात्मा गांधी इंटर कालेज में बने बूथ की ईवीएम खराब होने का पता चलते ही जोनल अधिकारी पहुंचे। जिन्होंने एक घंटे की मशक्कत के बाद मशीनों को शुरू कराया। इसके अलावा जागोस गांव के बेसिक प्राईमरी पाठशाला में भी ईवीएम मशीन खराब रही। हालांकि बाद में सभी मशीनें ठीक होने पर मतदान कराया गया तो कई जगह ईवीएम मशीने बदलवाई गई।
मशीन खराब होने पर वोट नहीं डाल पाया लकवाग्रस्त व्यक्ति
दाहा। दाहा गांव में शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे मतदान केंद्र की ईवीएम मशीन खराब हो गई। जहां मतदान के लिए लाइन में लगे मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। दाहा गांव के ओमप्रकाश ने बताया कि उसे लकवा से ग्रस्त है और शुक्रवार शाम जब वोट डालने पहुंचा तो मशीन खराब होने पर धूप में बैठकर इंतजार करना पड़ा। काफी देर बाद भी मशीन ठीक नहीं हुई तो वह वापस लौट आया और मतदान नहीं कर पाया।