बड़ाैत। स्मार्ट मीटर लगने से राहत की उम्मीद लगाए बैठे उपभोक्ताओं को अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रीपेड मीटर में रुपये खत्म होने पर रिचार्ज करने के बावजूद दो दिन तक बिजली नहीं आ रही है। इस समस्या से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को मुख्य शिकायत केंद्र पहुंचकर विरोध जताया।
बड़ौत के रहने वाले उपभोक्ता सौरभ, अशोक, प्रवीण, नितिन ने बताया कि शिकायत करने पर विभाग के कर्मचारी कभी लाइन में फाल्ट तो कभी ऊपर से सप्लाई कट होने की बात कहकर उन्हें टरका देते हैं। जब समय पर रिचार्ज किया जा रहा है तो बिजली भी समय पर मिलनी चाहिए। उपभोक्ताओं के अनुसार स्मार्ट मीटर लगने के बाद से समस्याएं बढ़ गई हैं। पहले जहां केवल फाल्ट होने पर कटौती होती थी, अब रिचार्ज के बाद भी बिजली के लिए कई दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने इस समस्या के समाधान की मांग उठाई है।
हमने समय पर रिचार्ज कराया, लेकिन दो दिन तक बिजली नहीं आई। शिकायत करने पर हर बार नया बहाना बता दिया जाता है। अब सर्वर डाउन होने की बात कह रहे हैं। -राकेश
स्मार्ट मीटर से सुविधा नहीं मिली, परेशानी बढ़ी है। पहले इतनी दिक्कत नहीं होती थी। मैंने बृहस्पतिवार को ही रिचार्ज कर दिया था, इसके दो दिन बाद तक भी बिजली नहीं आई। इसलिए मजबूरन मुख्य शिकायत केंद्र पर आना पड़ा। -अनुज
मैंने शुक्रवार सुबह बिजली कटने के तुरंत बाद 1500 का रिचार्ज कराया था, इसके बाद भी बिजली नहीं आई। कई बार लाइनमैन को फोन किया, लेकिन वह भी जल्द बिजली आ जाएगी की बात कहकर टरकाता रहा। -असगर
वर्जन
रिचार्ज के तुरंत बाद बिजली आ जाती है। कुछ स्थानों पर तकनीकी समस्या होने के कारण परेशानी आई होगी, जिसे ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। -प्रदीप सोनकर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय।