जिले में 530 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 90 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। एक अप्रैल से नया शिक्षा शुरू हो गया है। ऐसे में सर्व शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय स्कूलों में नए छात्रों का नामांकन शुरू किया गया है। निकाय चुनाव के चलते नामांकन की रफ्तार पहले ही धीमी है, क्योंकि जनपद में तकरीबन 2200 शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगी है।
इससे भी बड़ी परेशानी नामांकन पोर्टल पर राशन कार्ड की अनिवार्यता का होना है। हर विद्यालय में नए छात्र का नामांकन करने के दौरान उनका पता, आईडी और फोटो अपलोड करने के साथ ही एक कॉलम राशन कार्ड का आ रहा है।
इस कॉलम में राशन कार्ड के अलावा कोई और आईडी लगाने का भी विकल्प नहीं दिया गया है। तकरीबन 3000 छात्रों के अभिभावकों के पास या तो राशन कार्ड नहीं है या ऐसे छात्र हैं जिनके अभिभावकों के राशन कार्ड में उनका नाम नहीं हैं।
सरकारी स्कूलों में घट रहे नामांकन
जिले में शहर से लेकर गांवों तक कई स्कूल बिना मान्यता के चल रहे हैं। बीएसए कार्यालय के अधिकारियों के संरक्षण से ही ऐसे स्कूल चल रहे हैं। बावजूद इसके इन स्कूल संचालकों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। जिस कारण परिषदीय स्कूलों में छात्रों की संख्या घट रही है।
फर्श पर बैठकर पढ़ाई कर रहे बच्चे
सरकार भले ही परिषदीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा और व्यवस्था का दावा करती हो, लेकिन जिले के बहुत से परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर तक की व्यवस्था नहीं है। बच्चे अभी भी फर्श पर बैठकर ही पढ़ाई करते हैं। एक ही कमरे के अंदर समस्त कक्षाओं के छात्र बैठते हैं।
कई स्कूलों का जीर्णोद्धार नहीं होने के कारण उन स्कूलों के बच्चे दूसरे स्कूलों में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं विभागीय अधिकारी एक अप्रैल से ही कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यार्थियों के नई किताबों से पढ़ने का दावा कर रहे थे, लेकिन एक माह बाद भी ऐसा नहीं हो सका है। अधिकांश स्कूलों में सभी बच्चों के पास किताबें नहीं हैं। कुछ बच्चे बिना किताब तो कुछ पुरानी किताबों से पढ़ने को मजबूर हैं।
नामांकन प्रक्रिया में राशन कार्ड को इस बार अनिवार्य किया गया है। हर विद्यालय में नए छात्र का नामांकन करने के दौरान उनका पता, आईडी और फोटो अपलोड करने के साथ ही एक कॉलम राशन कार्ड का आ रहा है। इस कॉलम में राशन कार्ड के अलावा कोई और आईडी लगाने का भी विकल्प नहीं दिया गया है। जिस कारण दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने अभिभावकों को जल्द से जल्द राशन कार्ड में बच्चों के नाम शामिल कराने का आह्वान किया है। - वंदना सैनी, एबीएसए