-अपनी जगह छोड़ सड़कों पर कब्जा जमाए हुए हैं दुकानदार
फोटो संख्या 1
बड़ौत। सब्जी मंडी में दुकानदारों ने मुख्य रास्तों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सब्जी विक्रेता अपनी जगह के अलावा सड़कों पर कब्जा करके बैठे हुए है।
नगर पालिका ने सभी सब्जी विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की हुई हैं। पहले सब्जी मंडी के सभी रास्ते बेहद खराब थे, लेकिन अब अच्छे बन गए हैं। इसके बावजूद सब्जी विक्रेताओं ने अपनी दुकानों को छोड़ मुख्य रास्तों पर कब्जा कर रखा है। वहीं रही-सही कसर बाइक सवार पूरी कर देते हैं। इसके चलते मार्केट में आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पालिका ने मुख्य रास्ते पर सब्जी रखने वाले विक्रेताओं पर जुर्माना भी लगाए जाने की घोषणा कर रखी है, लेकिन इसके बाद भी सब्जी विक्रेता बाज नहीं आते हैं। इस संबंध में ईओ मनोज कुमार रस्तोगी से बात की गई तो उनका कहना था कि जिन सब्जी विक्रेताओं ने रास्ते पर अतिक्रमण किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस देने के अलावा उनके सामान भी जप्त किए जाएंगे।