बागपत। नगर पालिका के सफाई नायक सतीश को निलंबित करने पर शुक्रवार को सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए और सुभाष गेट के समीप पेयजल टंकी परिसर में हंगामा किया।
सफाईकर्मियों को समझाने का प्रयास कर रहे अफसरों के साथ नोकझोंक भी हुई। हड़ताल के कारण कूड़ा नहीं उठा। सफाईकर्मियों ने कंपनी के ब्लैकलिस्ट और ईओ का तबादला होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी।
सुभाष गेट के पास धरने पर बैठे सफाईकर्मियों ने बताया कि राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष और नगर पालिका के सफाई नायक सतीश कुमार को अधिकारियों ने सफाई नहीं कराने का आरोप लगाकर निलंबित कर दिया। वहीं सफाई नायक सतीश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिन से नगर पालिका के अधिकारी उन पर सफाईकर्मियों को हटाने का दबाव बना रहे थे। इसके लिए गलत रिपोर्ट देने का भी दबाव बनाया गया।
ऐसा करने से मना किया तो अफसरों ने उत्पीड़न करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया और रटौल नगर पंचायत से संबद्ध कर दिया गया। आरोप लगाया कि सफाई का ठेका लेने वाली भूदेव वेंचर्स लिमिटिड कंपनी ने कर्मियों के खाते में पीएफ भी जमा नहीं कराया और वेतन में भी कटौती की जा रही है। इससे सफाईकर्मियों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
वहीं शुक्रवार दोपहर ठेका सफाईकर्मियों की हड़ताल का पता चलने पर तहसीलदार अभिषेक सिंह कई अधिकारियों और पुलिस बल के साथ हड़ताल समाप्त कराने पहुंचे। वहां पर कई घंटे हंगामा चलता रहा लेकिन सफाईकर्मी नहीं माने। एसडीएम अमरचंद वर्मा भी वहां पहुंच गए तो उनके कहने पर भी सफाईकर्मी शांत नहीं हुए। इस मौके पर राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के नगराध्यक्ष नवीन कुमार, अनिल, अमित, राजन, रॉकी, विशाल, कुसुम, कोमल, सविता, कविता समेत अन्य शामिल रहे।
-
ईओ पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
सफाईकर्मियों ने बताया कि कंपनी के अफसरों की कार्यशैली के विरोध में सफाईकर्मियों ने नवंबर में हड़ताल की। उस समय अफसरों ने दस सूत्रीय समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया लेकिन समाधान अभी तक नहीं हुआ। उन्होंने नगर पालिका के ईओ पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों की समस्या का समाधान कराने के बजाय ईओ भी कंपनी से मिलकर उसका साथ दे रहे हैं। इसी वजह से उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। बार-बार मांग करने के बाद भी कर्मियों के खातों में पीएफ नहीं भेजा गया।
-
शहर में लगे कूड़े के ढेर
शहर में 200 से अधिक ठेका सफाईकर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे और केवल 20 स्थायी, संविदा सफाईकर्मियों ने सफाई की। इससे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। इससे शहर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार को भी हड़ताल होने के कारण व्यवस्था ज्यादा बिगड़ जाएगी।
-
वर्जन-
सफाई सही से नहीं कराने पर सफाई नायक को निलंबित कर दिया गया है। कंपनी और सफाईकर्मियों में थोड़ा विवाद हो गया, उसका समाधान कराने के लिए पीएफ का मिलान कराया जा रहा है। कर्मियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए लगातार वार्ता भी चल रही है।
-केके भड़ाना, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बागपत