-योग शिविर में प्रशिक्षकों ने साधकों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया
फोटो संख्या 2
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर के गांधी पार्क में रविवार को योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षकों ने साधकों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। साथ ही स्वस्थ शरीर के लिए योग के महत्व पर जोर दिया। शिविर में मर्कटासन के विशेष लाभों पर प्रकाश डाला गया, जिसे वजन घटाने और शरीर को लचीला बनाने में लाभकारी बताया गया।
प्रशिक्षक राजेंद्र प्रसाद जैन ने बताया कि नियमित योगासन से शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि सही खानपान के साथ नियमित योग कई सामान्य बीमारियों से बचाव में सहायक है। वहीं, प्रशिक्षक वीरेंद्र शर्मा ने मर्कटासन के फायदों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आसन वजन कम करने में काफी प्रभावी है। मर्कटासन के नियमित अभ्यास से पेट और कमर के आसपास की चर्बी कम होती है। यह गर्दन, कंधों और कूल्हों की जकड़न को दूर कर शरीर को अधिक लचीला बनाता है। इसके अभ्यास से लीवर स्वस्थ रहता है और मधुमेह भी नियंत्रित होता है। शिविर में सुनील शास्त्री ने भी साधकों को योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर पूनम, चंद्रप्रभा, महेश चंद शर्मा, अनिल वर्मा और जयपाल सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।