बड़ौत। नगर में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बुधवार की देर रात लोगों ने विद्युत वितरण खंड प्रथम एक्सईएन कार्यालय पर हंगामा कर दिया। वहां उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। एक्सईएन प्रथम के आश्वासन पर लोग शांत हुए और समस्या का समाधान न होने पर कार्यालय पर धरने की चेतावनी दी।
लोगों ने बताया कि विद्युत वितरण खंड प्रथम एक्सईएन कार्यालय से जुड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति आए दिन ठप रहती है। इस कारण लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ता है। बुधवार की सुबह भी 10 बजे से बिजली आपूर्ति बंद रही। जब शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने पर अधिकारियों व कर्मचारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और मोबाइल भी बंद कर लिए।
उधर, बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर लोगों के घरों में रखे इनवर्टर तक ठप हो गए। पेयजल संकट गहराने पर उन्होंने विद्युत वितरण खंड प्रथम एक्सईएन कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। कहा कि यदि नियमित रूप से बिजली कटौती का समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।
अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार यादव के आश्वासन पर लोग शांत हुए। अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार यादव ने बताया कि विद्युत आपूर्ति को बेहतर करने के लिए एबीसी लाइन के बदलने का काम किया जा रहा था, इसी वजह से बिजली बाधित रही। इस अवसर पर सभासद नगेंद्र तोमर, सभासद रमेश, सतेंद्र, प्रदीप, अशोक, रूबी, संगीता, ममता, आरती शामिल रहे।