संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत।
सिनौली गांव मेें सुबह से ठप पड़ी बिजली व्यवस्था के विरोध में पहले ग्रामीणों ने आदर्श नंगला गांव स्थित बिजलीघर पर, फिर एक्सईएन प्रथम कार्यालय में हंगामा किया, लेकिन अधिकारियों के न मिलने पर ग्रामीणों ने बड़ौत-छपरौली मार्ग पर जाम लगा दिया। देर रात्रि तक जाम लगा रहा, सूचना पर पहुंची पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रहीं।
निजीकरण के विरोध में ऊर्जा निगम की हड़ताल के चलते सिनौली गांव में सुबह से ही बिजली गुल हो गया। ग्रामीणों द्वारा सैकड़ों फोन करने के बाद देर शाम तक जब गांव में बिजली नहीं आई तो पहले ग्रामीणों ने आदर्श नंगला, फिर बड़ौत में कोताना रोड पर एक्सईएन प्रथम कार्यालय में हंगामा किया, लेकिन यहां पर भी कर्मचारी नहीं मिले। बाद में ग्रामीणों ने गांव में वापस पहुंचकर बड़ौत-छपरौली मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इससे वहां से गुजरने वाले वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया। देर रात्रि तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। उधर एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह ने कहा निजीकरण के विरोध में सभी निगम के कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर है। जिस कारण परेशानी हुई है। इनमें मुखिया प्रधान, कल्लू, विपिन पूनिया, संजय, नितिन, सोमपाल, अमित, आकाश, सचिन आदि रहे।