बड़ौत। बिजली समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कस्बा छपरौली के लोगों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय में प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता ने आंदोलनकारियों को जल्द समस्या हल कराने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को कस्बा छपरौली के लोग भाकियू मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खोखर के नेतृत्व में विद्युत निगम के एक्सईएन प्रथम कार्यालय में पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा पिछले कई माह से कस्बावासी विद्युत संकट से जूझ रहा हैं, लोगों को नाममात्र ही सप्लाई मिल रही है। इस कारण पशुओं का चारा काटने और पेयजल व्यवस्था कराने को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खोखर ने कहा निगम के अफसर छपरौली के लोगों के साथ पक्षपात कर रहे हैं। उन्होंने बताया दोघट और टीकरी की भांति छपरौली भी नगर पंचायत है, जहां दोघट और टीकरी में जहां बिजली के इस्तेमाल पर प्रतिमाह फिक्स चार्ज 200 रुपये वसूला जा रहा है, वहीं बिजली का फिक्स चार्ज छपरौली कस्बे में 350 रुपये वसूला जा रहा है। वहीं छपरौली मेें कोड नंबर 10 पर यूनिट का चार्ज है 4.40 पैसे है जबकि दोघट और टीकरी में कोड नंबर 17 में 2.20 पैसे वसूले जा रहे हैं। यह पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कस्बा छपरौली के लोगों के प्रदर्शन करने की सूचना पर दफ्तर में पहुंचे एक्सईएन प्रथम अजय कुमार ने आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। एक्सईएन ने कहा कस्बे में जल्द ही निगम की टीम को भेजा जाएगा और मामले की जांच कराई जाएगी। उपभोक्ताओं से अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं होगी। इसमें रामवीर, नरेंद्र, धर्मपाल, सुक्रम पाल, आजाद, तेजपाल, सत्यपाल, हरपाल, रविंद्र, हरेंद्र आदि रहे।