दो दिन से नहीं आई फखरपुर और मुबारिकपुर में बिजली
खेकड़ा। गांव फखरपुर और मुबारिकपुर की दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। दोनो गांवों के ग्रामीणों ने फिरोजपुर गांव के बिजलीघर पर प्रदर्शन कर विद्युत निगम के अधिकारियों से आपूर्ति में सुधार कराने की मांग की।
गांव फखरपुर और मुबारिकपुर गांव के ग्रामीण एकत्र होकर रविवार की सुबह गांव फिरोजपुर स्थित बिजलीघर पहुंचे। प्रदर्शन कर बताया कि दो दिन पूर्व आई तेज आंधी और बारिश से विद्युत लाइनों में फाल्ट आने के कारण आपूर्ति ठप हो गई थी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। मगर, अभी तक फाल्ट को ठीक नहीं कराया गया। दो दिन से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति के कारण ग्रामीणों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। पशुओं के चारे का भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों से लाइनों में आए फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की। इस दौरान ललित त्यागी, दिनेश प्रधान, ज्ञान, बिनेश कुमार, नीरज, चेतन, भागवत, प्रेमराज, नरेश, सचिन, मोहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
उधर, एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को गांव में भेजकर विद्युत आपूर्ति में जल्द ही सुधार किया जाएगा।