बड़ौत। विद्युत निगम की तीन टीमों ने क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली के लिए अभियान चलाया। इस दौरान टीमों ने 70 बकायादारों के बिजली के कनेक्शन काटे और तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
विद्युत निगम के एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह व एक्सईएन द्वितीय एसके निर्भय सिंह के निर्देश पर जेई गुलशन कुमार, जेई पवन कुमार व विद्युत वितरण खंड द्वितीय से जुडे़ अवर अभियंता विकास कुमार ने अपने क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए छापे मारे। जेई गुलशन कुमार ने टाउन में अभियान के दौरान 30 बकायादारों के कनेक्शन काट दो लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जेई पवन ने किरठल गांव में 25 कनेक्शन काटे और एक के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई। ं जेई विकास कुमार ने दोघट क्षेत्र में अभियान चलाकर 15 कनेक्शन काटे। इस दौरान विद्युत निगम की टीम ने लोगों से समय से बिजली का बिल जमा करने की अपील की। संवाद