-खेकड़ा के जंगल में नलकूपों को लगातार निशाना बना रहे चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। कस्बे के जंगल में चोरों ने आठ किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया है। चोरों ने नलकूपों के ताले तोड़कर वहां से विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। किसानों ने इस संबंध में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला रामपुर के रहने वाले किसान ओमप्रकाश, मथन सिंह, राममेहर सिंह, कृष्ण, रामभजन, सतेंद्र और राजकुमार ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में शिकायत की। उन्होंने बताया कि बुधवार को खेत में काम करने के बाद वे घर लौट आए थे। रात में चोरों ने उनके नलकूपों के ताले तोड़ दिए और वहां रखे विद्युत उपकरण चुरा लिए। बृहस्पतिवार सुबह जब किसान खेत पर पहुंचे तो उन्हें नलकूपों में चोरी का पता चला। नलकूपों में सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में नलकूपों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। जांच अधिकारी विकास कुमार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चोरों का पता लगाकर इन घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।