संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बृहस्पतिवार की रात 15 मिनट की बारिश और तेज हवा ने बागपत शहर सहित 85 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी। बागपत शहर में आठ घंटे तक आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार की सुबह दस बजे के बाद ही नगर क्षेत्र में आपूर्ति सुचारु हो सकी। वहीं, देहात क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद तक लाइनें दुरुस्त की गई। विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोग पेयजल के लिए भी जूझते नजर आए।
कई दिन से अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे मौसम अचानक बदला और हवा के साथ ही बारिश हुई। करीब 15 मिनट तक बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मगर, तेज हवा से बागपत शहर के साथ 85 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बागपत शहर में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे तक सुचारु किया गया। इसके चलते लोगों को पानी की किल्लत भी झेलनी पड़ी। हैंडपंप पर घंटों तक लोग कतार में खड़े रहे। गांवों में शुक्रवार दोपहर बाद ही आपूर्ति बहाल हो सकी।
बागपत में रही स्थिति खराब
बागपत शहर में बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार सुबह तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। बिजली नहीं होने से सबमर्सिबल भी नहीं चल सके। ऐसे में लोगों को पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। माता कॉलोनी, नौरोजपुर रोड, भजन विहार, सिसाना रोड कॉलोनी, कोर्ट रोड, ईदगाह कॉलोनी, चमरावल रोड, केतीपुरा मोहल्ला, गायत्रीपुरम कॉलोनी आदि स्थानों पर लोग हैंडपंप पर कतार में लगे रहे। दस बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु हुई।
इनवर्टर भी हुए ठप
बागपत शहर में आठ घंटे लगातार विद्युत आपूर्ति ठप होने से इनवर्टर भी ठप हो गए। इससे लोगों की परेशानी ज्यादा बढ़ गई। बागपत के जैन मोहल्ला निवासी ललित जैन ने बताया कि हर बार बारिश और हवा से कई-कई घंटे बत्ती गुल हो जाती हैं। ऊर्जा निगम की शहर में व्यवस्था खराब है। बत्ती गुल होने से इनवर्टर भी ठप हो जाते हैं। बागपत के बड़ा बाजार निवासी पप्पू वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में दो बजे बत्ती गुल हो गई थी। शुक्रवार सुबह दस बजे आपूर्ति सुचारु हुई। इससे पेयजल की समस्या भी झेलनी पड़ी।
बृहस्पतिवार रात में तेज हवा चलने से विद्युत लाइन में फाल्ट हो जाने के कारण आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद लाइनमैनों से सभी लाइनों की ठीक कराया। करीब आठ घंटे बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। - अमर सिंह, एक्सईएन, ऊर्जा निगम बागपत