शामली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर में जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कंपोजिट विद्यालय फतेहपुर शामली के छात्र अक्षय कुमार ने 100 में से 97.5 अंक प्राप्त कर शामली और मुजफ्फरनगर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
डायट पर आयोजित परीक्षा में शामली और मुजफ्फरनगर के 150 बच्चों ने प्रतिभाग कर अपना ज्ञान दिखाया। इसमें शामली के 50 बच्चे और मुजफ्फरनगर के 100 बच्चे रहे। सभी 150 बच्चों में शामली ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय फतेहपुर के कक्षा आठ के छात्र अक्षय कुमार पुत्र राजन ने 100 में से 97.5 अंक प्राप्त कर सभी को पीछे छोड़ा। दोनों जनपदों से पांच-पांच विजेताओं को सम्मानित किया गया। शामली के अन्य विजेताओं में काजल उच्च प्राथमिक विद्यालय टिटौली ने 85 अंक प्राप्त कर द्वितीय, अंश देव उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरमाफी 85 अंक, अनुग्रह उच्च प्राथमिक विद्यालय मतनावली ने 85 अंक व खुशी उच्च प्राथमिक विद्यालय बुटराड़ी ने 82.5 अंक प्राप्त किए हैं। सभी विजेताओं को डायट प्राचार्य विश्वदीपक त्रिपाठी ने पुरस्कार देकर सम्मानित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।