बागपत। बोर्ड परीक्षा के तनाव से बच्चों को निजात दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से एक ट्रस्ट के सहयोग से कार्यशाला ‘मैं तैयार हूं’ विद्यालयों कराई जाएगी।
जिले में 18 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारियां छात्रों ने शुरू की हुई है। जैसे-जैसे परीक्षा की तिथि नजदीक आती जाती है, वैसे ही छात्र मानसिक तौर पर परेशान हो जाते हैं। परीक्षा की चिंता में खानपान का भी रूटीन बदल जाता है और व्यवहार में भी परिवर्तन आने लगता है। परीक्षा के इस तनाव को दूर करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग मां अमरावती एजूकेशन ट्रस्ट के सहयोग से प्रत्येक विद्यालयों में जाकर छात्रों के साथ एक कार्यशाला की जाएगी। इसमें डॉक्टर और विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। छात्रों को परीक्षा की तैयारियों की जानकारी देंगे। परीक्षा के तनाव को दूर करने के भी टिप्स दिए जाएंगे।
डीआईओएस ओमदत्त सिंह ने कहा कि छात्रों को तनावमुक्त करने के लिए कार्यशाला कराई जाएगी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों का पूरा सहयोग किया जाएगा। प्रधानाचार्यों को इसके लिए निर्देशित किया जाएगा।