उपसंकलन केन्द्र पर बाइक पर उत्तर पुस्तिका लाता कर्मचारी
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्र पर पहुंचाने में बरती जा रही सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं पर डीआईओएस सख्त हुए है। उन्होंने सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को पत्र जारी कर उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केन्द्र पर वाहनों में सुरक्षित ले जाने के निर्देश दिए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा चल रही है। शासन बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने को लेकर पूरी तरह से सख्त है। मगर, उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्र तक पहुंचाने में पूरी तरह नियमों को ताक पर रख दिया गया है। अमर उजाला ने 23 फरवरी के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह जनपद के समस्त केन्द्र व्यवस्थापकों और अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापकों को पत्र जारी कर नाराजगी जताई है। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केन्द्र पर वाहनों में सुरक्षित ले जाने के निर्देश दिए है। कहा है कि इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ये है मानक
1-बोर्ड परीक्षा में प्रतिदिन पेपर समाप्त होने के एक घंटे बाद ही कापियों को संकलन केंद्र पर पहुंचाना होता है।
2- संकलन केन्द्रों तक कॉपियों का पहुंचाने के लिए अध्यापकों (बंडल वाहक) की ड्यूटी लगाई जाती है।
3- केंद्र व्यवस्थापक स्वयं की जिम्मेदारी पर बंडल वाहक के साथ कड़ी सुरक्षा में गाड़ी या फिर कॉलेज वाहन से कॉपियां जमा कराने के लिए संकलन केन्द्र पर भेजे।
हम तो नहीं सुधरेंगे
केन्द्र व्यवस्थापक व कर्मी अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे है। सोमवार को फिर से कुछ कर्मी उत्तर पुस्तिकाओं को पैदल व बाइक पर संकलन केन्द्र पर लाते दिखाई दिए। इससे स्पष्ट है कि डीआईओएस का पत्र केन्द्र व्यवस्थापकों व कर्मी के सामने कोई महत्व नहीं रखता। इस संबंध में उप संकलन केन्द्र पर्यवेक्षक डॉ. रेखा सिंह ने बताया कि सभी कर्मियों व केन्द्र व्यवस्थापकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वे सुरक्षित ढंग से वाहनों में उत्तर पुस्तिकाएं लेकर आएं।
पत्र जारी कर निर्देशित किया है। यदि इसके बावजूद भी मनमानी बरती जा रही है तो वह स्वयं निरीक्षण करेंगे। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।- ओमदत्त सिंह, डीआईओएस।