-इंटरनेट सेवा बाधित रहने के चलते यात्रियों को उठानी पड़ रही दिक्कतें
फोटो संख्या 7
बड़ौत। नगर के रेलवे स्टेशन पर लगी ई टिकटिंग मशीन शोपीस बन गई है। कुछ सर्वर की खराबी और कुछ जानकारी के अभाव से यात्री इन मशीनों का फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। हालत यह है कि एक दिन में महज औसतन 100 से 150 टिकट ही बिक पा रहे हैं और कमोबेश पूरे दिन सन्नाटा रहता है। दूसरी तरफ मैनुअल काउंटर पर प्रतिदिन 900 से 1200 से अधिक टिकट बिक रहे हैं।
रेलवे ने कुछ साल पहले नगर के रेलवे स्टेशन पर जनरल श्रेणी काउंटर के समीप ई टिकटिंग मशीन को स्थापित किया था। मंशा यह थी कि यात्रियों को जनरल टिकट लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े होकर देर तक इंतजार न करना पड़े। कुछ दिन तो इन मशीनों से खूब टिकट बिके, लेकिन अब ये मशीनें लगभग ठप पड़ी हैं। इस कारण यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं, कई बार तो ट्रेन आ जाने पर यात्रियों को बेटिकट ही सवार होना पड़ता है। ऐसे में यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से ई-टिकटिंग मशीन को नियमित रूप से संचालित कराए जाने की मांग की। स्टेशन अधीक्षक प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में विभागीय अफसरों को सूचना व शिकायत दी गई है। जल्द ही ई-टिकटिंग मशीन अच्छा काम करेगी।
ये बोले यात्री-
मैं प्रतिदिन बड़ौत से दिल्ली जाता हूं, लेकिन जब भी ई-टिकटिंग मशीन से टिकट लेने का प्रयास करता हूं तो कभी सर्वर डाउन तो कभी नोट स्वीकार न करने से टिकट नहीं मिल पाता। ऐसे में टिकट खिड़की से टिकट खरीदना पड़ता है। इसमें काफी समय लग जाता है। अरुण बड़ौत।
रेलवे ने अब इस ओर ध्यान देना बंद कर दिया, जिससे मशीनें शोपीस बनकर रह गईं। हारकर लोग टिकट खिड़की से टिकट लेते हैं। आए दिन यह समस्या बनी रहती है। सचिन बरवाला