बागपत। अफसरों के बीच चल रही खींचतान में एक बार फिर प्रोबेशन अधिकारी का चार्ज बदल दिया गया। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने अब जिला बचत अधिकारी से चार्ज लेकर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को दिया है। वहीं, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अभी इस बारे में जानकारी होने से इंकार किया है। कहा कि वह प्रोबेशन अधिकारी का चार्ज नहीं लेंगे।
प्रोबेशन विभाग में भर्तियों में गड़बड़ी करने की शासन से जांच शुरू होने के कुछ दिन बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकिन छुट्टी लेकर चले गए थे। वह पहले दो दिन की छुट्टी लेकर गए और इसके बाद एक महीने की छुट्टी के लिए पत्र भेज दिया। इसके बाद जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा को प्रोबेशन अधिकारी का चार्ज दिया गया।
उनसे करीब पांच दिन बाद ही चार्ज हटा दिया गया और बचत अधिकारी विवेक को चार्ज दिया गया। अब पंद्रह दिन बाद ही डीएम ने फिर से प्रोबेशन अधिकारी का चार्ज बदलवा दिया। अब डीएम ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कैलाश तिवारी को चार्ज देने के आदेश दिए हैं।