बागपत के पांडव रोड पर बाजार बंद कराते पुलिसकर्मी
- फोटो : BAGHPAT
कई लोगों को लिया हिरासत में, व्यापारियों को चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में बुधवार से नाइट कर्फ्यू लागू हो गया है। इसका पालन कराने के लिए पुलिस आठ बजे के बाद सड़क पर उतरी। इस दौरान सड़क पर घूमते मिले लोगों को पुलिस ने लाठी भांजकर दौड़ाया। कई लोगों को हिरासत में लिया गया। व्यापारियों को आठ बजे के बाद दुकानें खुली मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते डीएम ने बुधवार से नाइट कर्फ्यू की लागू करा दिया है। रात को आठ बजे के बाद एएसपी मनीष कुमार मिश्रा फोर्स के साथ सड़क पर उतरे। पुलिस को देखते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने शौकत मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी बाजार और पांडव रोड बाजार में दुकानें बंद कराईं। इस दौरान बाजारों में बेवजह घूमते लोगों को पुलिस ने लाठी भांजकर दौड़ाया। कई लोग पुलिस की लाठी का शिकार हुए। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। ऐसे लोग पुलिस से माफी मांगते नजर आए। एएसपी ने व्यापारियों से कहा कि जिले में रोजाना रात आठ से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। इसलिए सभी व्यापारी आठ बजे से पहले ही दुकानें बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीओ अनुज मिश्रा, तहसीलदार प्रसून कश्यप, इंस्पेक्टर एनएस सिरोही भी मौजूद रहे।