बिनौली। बिनौली-फजलपुर मार्ग पर स्थित दरकावदा गांव के पास पानी निकासी न होने के कारण सड़क टूटनी शुरू हो गई है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीण सुखपाल सिंह, जितेंद्र, अशफाक, अमरीश, राजेंद्र सिंह आदि ने बताया कि बिनौली-फजलपुर मार्ग स्थित दरकावदा गांव के पास मार्ग की हालत ज्यादा खराब होने के कारण लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। बताया कि मार्ग पर पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है और जलभराव होने के मार्ग में गड्ढे हो गए हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण वाहन चालक व राहगीर ठोकरें लगने के कारण गिरकर चोटिल हो जाते हैं। अफसरों व जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत करने के बाद मार्ग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अफसरों से शिकायत कर मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
- लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद गांव के पास सड़क नहीं बनवाई जा रही है। - सुरेशपाल
- सड़क किनारे से जल निकासी का कोई साधन नहीं है और इसके चलते पानी सड़क पर आ जाता है। सड़क टूटने के कारण हादसा होने का खतरा रहता है। - बिजेंद्र कुमार
- सड़क पर जलभराव होनेे से आने जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। बाइक सवार फिसलकर चोटिल भी हो जाते है और शिकायत के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो रहा। - नीरज धवन
- गांव में टूटी सड़क को ठीक कराने के लिए जनप्रतिनिधि व अफसरों से शिकायत कर चुके है। फिर भी सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा। - कार्तिक पांचाल
वर्जन
- दरकावदा गांव के सड़क बनाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेज रखा है। बजट आने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - राशिद, अवर अभियंता, लोनिवि