-जिला अस्पताल में रोजाना एक हजार ओपीडी हो रही, 300 से अधिक मरीज बुखार व पेट दर्द के पहुंच रहे
फोटो-सात
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मौसम में बदलाव से जिला अस्पताल में बुखार, डायरिया और पेटदर्द के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उधर, निजी क्लीनिकों में भी मरीजों की भीड़ बढ़ी है। वहीं कई मरीजों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें वार्ड में भर्ती कराया गया।
यहां लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। कभी बारिश हो रही है तो उसके बाद उमस हो जाती है। इस कारण डायरिया, पेट दर्द व बुखार के मरीज बढ़े हैं। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब एक हजार मरीज पहुंचे, जिससे पर्ची बनवाने से लेकर दवाई लेने तक घंटों मरीजों को इंतजार करना पड़ा। वहां पहुंचे मरीजों में करीब 300 को बुखार व पेट दर्द व 80 से अधिक को डायरिया की समस्या थी। जिला अस्पताल में शनिवार को 10 से अधिक मरीजों को हालत ज्यादा खराब होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ़ एसके चौधरी ने बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण पेट दर्द व बुखार की बीमारी बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को खानपान से लेकर अन्य सावधानी बरतनी चाहिएं।