मथुरा, शामली और नोएडा में एलबेंडाजॉल की गोलियों से बच्चों की सेहत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को औषधि निरीक्षक ने दवा के नमूने लिए। उन्हें जांच के लिए लैब भिजवाया।
राष्ट्रीय कृमि दिवस पर जिले के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में बालक और किशोरों को एलबेंडाजॉल की गोलियां खिलाई गई थी।
प्रदेश के सभी जिले में कार्यक्रम निर्धारित किया गया। नोएडा, मथुरा और शामली में गोलियों से बच्चों की सेहत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई थी, जिसके बाद गोलियों के नमूने लेने के निर्देश दिए गए थे।
औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि सहायक आयुक्त औषधि राजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अस्पताल के सीएमओ स्टोर से दो एलबेंडाजॉल की गोलियों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजा।
उन्होंने बताया कि विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद शासन को अवगत कराया जाएगा, जो भी कार्रवाई होगी शासन स्तर से होगी।
वहीं जेपी मेडिकल स्टोर से पशुओं की एंटीबायोटिक और दर्द की दवाओं के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भिजवा दिया है। रिपोर्ट के आने पर कार्रवाई होगी।