बागपत। डीआरएम एसपी जैन ने मंगलवार को बागपत रोड और बड़ौत रेलवे स्टेशन निरीक्षण किया। अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी जताई। स्टेशन अधीक्षकों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान रेल यात्रियों ने कई समस्याओं को उनके सामने रखा। डीआरएम ने जल्द ही निस्तारण का आश्वासन दिया।
मंगलवार की सुबह स्पेशल ट्रेन मेें डीआरएम एससी जैन बड़ौत रेलवे स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण में स्टेशन पर फैली गंदगी देख डीआरएम ने नाराजगी जताई। स्टेशन मास्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारी न होने के कारण प्राइवेट तौर पर सफाई कराई जा रही है। डीआरएम ने रेलवे स्टेशन परिसर मेें ई-रिक्शा न खड़ा होने देने के निर्देश दिए। इस दौरान यात्रियों ने इंटरनेट की समस्या से आरक्षण कराने की परेशानी बताई। इस पर डीआरएम ने अधीनस्थ कर्मचारियों को व्यवस्था को ठीक कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीआरएम हरमेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जतिन कल्याण, सीनियर डीसीएम महेश यादव, स्टेशन अधीक्षक पीके बोस, अयूब खान, सुमन आदि मौजूद रहे।
समस्याएं ही समस्याएं
बड़ौत। यात्री रविंद्र ने कहा रेलवे स्टेशन पर कई साल कैंटीन बंद है। पूछताछ केन्द्र के नाम पर यहां पर कुछ नहीं है। महिला यात्रियों की सुरक्षा भी राम भरोसे चल रही है। यात्री मोनू ने कहा अधिकारी कागजी पेट भरने के लिए खानापूर्ति कर निरीक्षण कर चले जाते हैं। कई साल से समस्याएं जस की तस है। यात्री छोटू ने कहाकि बिनौली रेलवे क्रासिंग पर कई साल से लोग जाम की स्थिति का सामना कर रहे है। रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज पास हो चुका है, लेकिन अधिकारियों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। ट्रेनों मेें डिब्बों की संख्या घटा दी है। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानी हो रही है।
रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य ने ज्ञापन सौंपा
फोटो- 3
अग्रवाल मंडी टटीरी। डीआरएम एसपी जैन और सीनियर इंजीनियर रतनी सिंह ने पहले बागपत रोड रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। स्टेशन पर गंदगी देख अफसरों से नाराजगी जाहिर की। यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन पर गंदगी न फैलाने की नसीहत दी। सिग्नल रूम का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक जगपाल सिंह को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य पंडित राधेकृष्ण शर्मा ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें ट्रेन 19609 और 19610 को बागपत स्टेशन पर ठहराव, रेलवे परिसर में राष्ट्रीय ध्वज लगानेे, ट्रेन संख्या 51914, 51913, 51910 और 51911 की बोगियों की संख्या 16 करने, दूसरी टिकट खिड़की खुलवाने, रेलवे थाना खुलवाने की मांग की। डीआरएम ने इन समस्याओं पर गौर करने का आश्वासन दिया। अरविंद शर्मा, रोहित, अरुण, मुकेश, लोकेश ने कस्बे में मुख्य बाजार में रेलवे की भूमि पर बसे दुकानदारों की समस्याएं रखी। इसके बाद दोनों अधिकारी शामली के लिए रवाना हो गए।
अलर्ट रहे रेलवे कर्मचारी
फोटो नंबर 07केएआर 3
खेकड़ा। डीआरएम सुकमाल चंद जैन के भ्रमण की सूचना पर खेकड़ा रेलवे स्टेशन की साफ सफाई कराई गई। ई रिक्शा आदि सवारी ढोने वाले वाहन परिसर से बाहर खड़े कराए गए। कार्यालय के अभिलेखों को दुरुस्त किया गया। सुबह करीब 11 बजे डीआरएम की स्पेशल ट्रेन बिना रुके ही यहां से निकल गई। इस पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। स्टेशन अधीक्षक चमनलाल शर्मा हरी झंडी लेकर प्लेटफार्म पर खडे़ रहे।