बागपत के बावली गांव के दो सगे भाईयों की हत्या के मामले में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी प्रवेश उर्फ हैप्पी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि आरोपी 50 हजार रुपये के इनामी अजीत उर्फ हप्पू का बेहद करीबी है।
एसपी पूनम ने पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच और बागपत कोतवाली पुलिस ने शनिवार को 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी प्रवेश उर्फ हैप्पी पुत्र महक सिंह निवासी बावली को छछरपुर रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी प्रवेश और हप्पू ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 अगस्त 2015 को अपने गांव के दो सगे भाई जयवीर उर्फ टोनी और राजकुमार की पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या की थी। आरोपी तभी से ही इस केस में फरार चल रहा है। आरोपी के मकान की कुर्की भी हो चुकी थी। इस केस में हप्पू के अलावा प्रवेश का भाई रवि भी फरार चल रहा है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
महिला से बदसलूकी करने पर हुआ दोहरा हत्याकांड
बागपत। एसपी के मुताबिक आरोपी प्रवेश ने पूछताछ करने पर बताया कि जयवीर उर्फ टोनी ने परिवार की एक महिला से बदसलूकी कर दी थी। इसी बात पर उनके बीच झगड़ा हो गया था। टोनी ने उसे दीपावली से पूर्व मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में उसने टोनी व उसकी भाई राजकुमार की हत्या की।
केस में फैसले का बनाया था दबाव
बागपत। पुलिस का कहना है कि आरोपी हैप्पी ने पूछताछ करने पर बताया कि उसने मृतक के परिजन पर केस में फैसला करने का दबाव बनाया था, लेकिन वे इसके लिए अभी तक सहमत नहीं हुए थे।
खेतों में काटी अधिकांश फरारी
बागपत। एसपी का कहना है कि पकड़ा गया प्रवेश अधिकांश खेतों में छुपता था। कुछ समय वह दिल्ली में भी रहा। उसका खर्च उसके परिवार के लोग पहुंचाते थे। उसको शरण देने और मद्द करने वालों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उनके खिलाफ भी होगी कार्रवाई।
परमवीर और प्रमोद के साथ रहा हैप्पी
बागपत। पुलिस के मुताबिक प्रवेश उर्फ हैप्पी ने पूछताछ में बताया कि वह परमवीर तुगाना और प्रमोद गांगनौली के साथ काफी समय रहा। उसने उनके साथियों के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्हें तश्दीक किया जा रहा है।