चांदीनगर/बिनौली/दोघट। कोरोना संक्रमण की आंच जिले के तीन थानों और एक पुलिस चौकी तक पहुंच चुकी है। चांदीनगर थाने का मुंशी और एसआई संक्रमित मिल चुका है, जबकि रटौल पुलिस चौकी के दो सिपाही पहले ही संक्रमित मिले थे। दोघट थाने की 112 डायल गाड़ी पर तैनात सिपाही संक्रमित मिला है। यह सिपाही बिनौली थाने की बैरक में रात बिताता था। ऐसे में संक्रमण दोघट और बिनौली थाने तक पहुंच चुका है। एहतियात के तौर पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह दमकल कर्मियों ने सीएचसी और बिनौली थाने को सैनिटाइज किया। इसके उपरांत डॉक्टर अमित गुप्ता, डॉ. अभिनव नेहरा, अजीत धामा सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने सीएचसी बिनौली व थाने को सील कर दिया। दोघट थाना क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात कांस्टेबिल कोरोना पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांस्टेबिल के संपर्क में आये 25 पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए। वहीं थाना परिसर को सैनिटाइज कराया गया। बिनौली सीएचसी से डाक्टर मनीष कुमार, कमला प्रसाद, मौहम्मद हासिम मौजूद रहे। चांदीनगर थाना प्रभारी मुनेद्र पाल सिंह का कहना है कि कोरोना की रिपोर्ट सुबह दो बजे आई थी। इसमें मुंशी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है, पिलाना सीएचसी की टीम ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया है ।