बागपत। नैथला गोशाला में तीन मृत गोवंश को कुत्ते नोच रहे थे और शिकायत के बाद भी अफसर अंजान बने रहे। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो अफसर हरकत में आए है और गोशाला में पहुंचकर मृत गोवंश को गड्ढा में दबवाया गया। साथ ही पशुओं के लिए हरा चारा की व्यवस्था की गई।
नैथला गोशाला में पशुओं की स्थिति काफी खराब हो रही है और यहां आए दिन गोवंश की मौत होने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। गोशाला में पशुओं को हरा चारा तक नहीं दिया जाता है और गंदगी का ढेर लगा होने के कारण गोवंश में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। शनिवार को सोशल मीडिया पर गोशाला के अंदर तीन मृत गोवंश की वीडियो वायरल हुई और गोवंश को सिर्फ भूसा दिया जा रहा था। गोशाला में मृत गोवंश को कुत्ते नोच रहे थे और कर्मचारी भी ध्यान नहीं दे रहे थे। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो बीडीओ भंवर सिंह व सचिव ने मौके पर पहुंचकर गोवंश को गड्ढा की खोदाई कराकर दबवाया। इसके बाद गोवंश के लिए हरा चारा की व्यवस्था की। बीडीओ भंवर सिंह ने बताया कि सुबह ही मृत गोवंशों को दबवा दिया गया था और वहां हरा चारा की व्यवस्था कर दी गई है।