बागपत के बड़ौत के बावली गांव में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी ने हैंडपंप की हत्थी से घर में घुसकर दंपति पर हमलाकर किया और जान से मारने की धमकी देेकर भाग गया। उन्होंने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी से मेरठ रेफर किया।
घायलों में गांव बावली निवासी ऋषिपाल पुत्र कटार सिंह और उसकी पत्नी सुमित्रा हैं। दंपति के खेत में एक कुत्ता रहता था। वह शनिवार को खेत से घर आ गया तो सुमित्रा ने कुत्ते को गाली दे दी। पड़ोसी जवाहर यह समझ बैठा कि उसने मुझे गाली दी है। इस पर उनकी पहले कहासुनी हुई। फिर जवाहर घर से हैंडपंप की हत्थी लाया और उसने घर में घुसकर ऋषिपाल और उसकी पत्नी सुमित्रा पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दोनों को मेरठ भेजा। इस संबंध में ऋषिपाल ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
अपहरण के आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज
बागपत। शहर की एक कॉलोनी से 14 वर्षीय किशोरी 10 दिसंबर से रहस्यमय ढंग से लापता है। परिजनों ने पड़ोस के ही युवक पर अपने परिजनों और साथियों के सहयोग से किशोरी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर तहरीर दी। इस मामले में कोतवाली पर आरोपी गोविंद, सरोज, गुड्डी, सोनू और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। परिजन किशोरी की बरामदगी के लिए कोतवाली में कई बार हंगामा कर चुके हैं। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर उसे तलाश करने के लिए गई है, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
कुत्तों के हमले से मासूम बच्ची घायल
चांदीनगर। रटौल गांव के आमिर की पांच वर्षीय बेटी सना, मकान के पास खेल रही थी। तभी दो-तीन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके चिल्लाने पर परिजनों और मोहल्ले के लोग इकट्ठे हुए। उसको अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
हजारों का सामान चोरी
दाहा। नंगला कनवाड़ा गांव के पूर्व प्रधान रमेश चंद के नलकूप से शुक्रवार रात चोर दीवार फाड़कर स्टार्टर समेत विद्युत सामान चोरी करके ले गए। घटना का शनिवार को पता चला। दोघट थाने पर घटना की शिकायत की गई है।