फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: चिकित्सक व भाकियू नेता आज से एक-दूसरे के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। चिकित्सकों व भाकियू नेताओं के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है। दोनों पक्ष शनिवार से एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। जिलेभर के चिकित्सक व फार्मासिस्ट आज से काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और 23 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। वहीं भाकियू का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलेगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो वह रविवार से कोतवाली में कोल्हू लगाकर धरना देंगे। चार नवंबर को बस, ट्रेन रोकेंगे तो जिला अस्पताल में हवन किया जाएगा।
विज्ञापन

जिला अस्पताल के सीएमएस, चिकित्सक व फार्मासिस्ट पर दर्ज प्राथमिकी खत्म नहीं होने पर मंगलवार को जिला अस्पताल में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ व डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने सीएमएस डॉ. अनुराग वार्ष्णेय, चिकित्सक डॉ. विक्रांत चौबे व फार्मासिस्ट मोहित त्यागी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त करने की मांग की थी। अब अल्टीमेटम पूरा होने के बाद प्राथमिकी निरस्त नहीं होने पर जिलेभर के चिकित्सक व फार्मासिस्ट शनिवार से काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गर्ग ने कहा कि पुलिस को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम पूरा हो गया है और पुलिस ने उनकी मांग पूरी नहीं की। अब जिलेभर में 17 से 19 अक्तूबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया जाएगा। 20 से 22 अक्तूबर तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार व 23 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके बाद भी पुलिस कुछ नहीं करती है तो यह आंदोलन प्रदेशभर में शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन


-चार नवंबर को जिले में होगा चक्का जाम : प्रदीप धामा
बागपत। शहर के दिल्ली रोड स्थित फार्म हाउस में भाकियू कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को बैठक हुई। एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा ने कहा कि उनकी पत्नी सुंदरी देवी को सांप के डसने पर जिला अस्पताल में 4 नवंबर 2025 को भर्ती कराया गया। आरोप है कि वहां उनकी पत्नी के उपचार में लापरवाही बरती गई और उनकी मौत होने के 11 माह बाद अब प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल के सीएमएस, डॉक्टर और फार्मासिस्ट के नाम मुकदमे से निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जो ठीक नहीं है। बताया कि शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलेगा। यदि वहां कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो जिलेभर में कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। रविवार से बागपत कोतवाली में कोल्हू लगाकर धरना शुरू किया जाएगा। इसके बाद पत्नी की पहली पुण्यतिथि पर चार नवंबर को जिला अस्पताल में हवन किया जाएगा और एसपी आवास पर प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
जिले में चार नवंबर को चक्का जाम कर बसों व ट्रेनों को रोका जाएगा। जिला प्रभारी विनोद चौधरी ने कहा कि दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर गोठरा व कासिमपुर खेड़ी में ट्रेनों को रोका जाएगा। वहीं डूंडाहेडा व ककड़ीपुर बॉर्डर पर बसों को रोककर चक्का जाम किया जाएगा। आंदोलन में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल होंगे। इस मौके पर हिम्मत सिंह, बिजेंद्र, संदीप गुर्जर, इंद्रपाल, उर्मिला तोमर, महरम प्रधान आदि मौजूद रहे।

-चिकित्सकों व भाकियू के बीच में फंसी पुलिस हुई लाचार
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ व डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी व भाकियू नेताओं के बीच में बागपत की पुलिस फंस गई है। यदि किसी का नाम प्राथमिकी में निकाला जाता है तो भाकियू कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे और यदि नाम नहीं निकाला जाता है तो जिले की स्वास्थ्य सेवा ठप हो जाएगी। अब पुलिस असमंजस स्थिति में है कि वह क्या करे। हालांकि दावा किया जा रहा है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



महिला का विसरा जांच के लिए भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट के लिए दो बार रिमाइंडर भेजा गया है। विसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी के दबाव में कुछ नहीं किया जाएगा। -प्रवीण कुमार चौहान, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें