बड़ौत सीएचसी पर चिकित्सको की बांट जोहते मरीज
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। चिकित्सकों की मनमानी का खामियाजा सीएचसी पर दूरदराज से आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। ड्यूटी समय में चिकित्सक सीएचसी से नदारद रहते है। बुधवार को भी सीएचसी की व्यवस्था रामभरोसे ही मिली। चिकित्सक नदारद मिले और मरीज उनकी बांट जोहते रहे। परेशान लोगों ने इसकी शिकायत सीएमओ से की है।
बुधवार को बड़ौत, बड़ौली, मलकपुर, जौनमाना, ढिकाना, लुहारी, बोहला, बावली आदि गांवों के बुखार, जुकाम, सर्दी, सांस आदि बीमारियों से ग्रस्त मरीज सीएचसी पहुंचे। मोमीन, भारती, मोनिका, शबनम, आरती, राजकुमार, सत्यपाल, अनिल, रोहित आदि ने बताया कि चिकित्सक नदारद थे। बताया कि मरीज पर्चियां बनवाकर चिकित्सक के पास पहुंचते है, लेकिन कोई नहीं मिला। कई बार इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मरीजों ने समस्या का जल्द हल न निकलने पर सीएमओ और डीएम से शिकायत करने की बात कहीं।
उधर, सीएचसी अधीक्षक डा विजय कुमार का कहना था कि शिकायत मिली है, चिकित्सकों को ड्यूटी समय में नदारद न रहने की हिदायत दी गई है।