बागपत के अमीनगर सराय के खिंदौड़ा गांव के रिटायर्ड फौजी महेंद्र सिंह की हत्या के केस का खुलासा नहीं होने पर गांव में क्षेत्र के लोगों की पंचायत हुई। कमेटी के फैसले के बाद एलान किया गया कि रविवार तक अगर खुलासा नहीं हुआ तो सोमवार को कलक्ट्रेट घेरेंगे। बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा कि न्याय की लड़ाई है, पीछे नहीं हटेंगे।
शुक्रवार को पंचायत में बसपा विधायक लोकेश दीक्षित, रालोद नेता, जिपं सदस्य ठाकुर प्रदीप सिंह और बसपा नेता अहमद हमीद ने कहा कि जनपद में हत्या, लूट की घटनाएं आए दिन हो रही है। पुलिस अफसर घटनाओं पर रोक लगाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहीं है। अपराधियों का दुस्साहस इस कदर है कि पुलिस सुरक्षा में भी लोगों की जान जा रही है। यहां तक की बदमाश पुलिसवालों की भी हत्या कर रहे हैं। खिंदौड़ा गांव की बात करें 10 माह में छात्रा समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है।
पहले बिटिया साक्षी का अपहरण के बाद हत्या हुई, उसके बाद स्कूल में सरेआम हेड मास्टर सत्यपाल शर्मा की हत्या हुई। अब रिटायर फौजी महेंद्र की हत्या हो गई। महेंद्र के केस का पुलिस ने 14 दिन बीत जाने के बाद भी खुलासा नहीं किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने रविवार शाम तक केस का सहीं खुलासा नहीं किया तो सोमवार सुबह कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। ग्राम प्रधान मुकेश सोलंकी, बिलौचपुरा प्रधान दिलशाद, हिसावदा प्रधान उत्तर कुमार, विक्रम, नवीन, कृष्णपाल, सरजीत गौरीपुर, तरसपाल, रहीस मौजूद रहे।
21 सदस्यीय कमेटी गठित
अमीनगर सराय। महापंचायत में 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी ने ही पुलिस को रविवार तक का समय दिया है। भविष्य के आंदोलन की रणनीति भी इसी कमेटी की देखरेख में बनाई जाएगी।
यह है मामला
अमीनगर सराय। खिंदौड़ा गांव के रिटायर फौजी महेंद्र सिंह ने 7 अक्टूबर को कस्बा अमीनगर सराय के पीएनबी बैंक से 45 हजार रुपये निकले थे। उनका बेटा यह रकम लेकर मेरठ चला गया। महेंद्र सिंह अपने साथी विक्रम के साथ बाइक पर अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में लूट के विरोध पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी थी। सिंघावली अहीर थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।