-डीडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्य कमेटी का गठन, हैसियत प्रमाण पत्र फर्जी लगाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सरकारी विभागों में कर्मचारियों को भर्ती करने वाली एसकेटी कंपनी के हैसियत प्रमाण पत्र फर्जी लगाने के आरोप पर डीएम ने जांच बैठा दी है। कंपनी के सभी दस्तावेजों की जांच करने के लिए डीएम ने डीडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्यों की टीम बनाई है। जल्द ही रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
एसकेटी सिक्योरिटी ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड मुरादाबाद कंपनी ने हैसियत प्रमाण पत्र में वर्ष बदलकर फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र लगा दिया था। इस मामले में मुरादाबाद के एडीएम ने बागपत प्रशासन को पत्र लिखकर इसकी जांच कराने के लिए कहा था। कंपनी के प्रोबेशन विभाग, कार्यक्रम व सीएमओ कार्यालय में कई कर्मचारी हैं। मुरादाबाद एडीएम ने संबंधित विभाग को भी फर्जी प्रमाण पत्र लगाने की जानकारी दी थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कंपनी के सभी दस्तावेजों की जांच करने के लिए चार सदस्य कमेटी का गठन किया है। इसमें अध्यक्ष जिला विकास अधिकारी, सदस्य वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया है। सभी को 10 दिन में जांच करने के बाद रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं ताकि फर्जी प्रमाण पत्र मिलने पर कार्रवाई की जा सके।