बागपत। दिल्ली में हिंसा के बाद जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर डूंडाहेडा चेकपोस्ट पर फुट पेट्रोलिंग की। हाईवे से गुजर रहे वाहनों को रुकवाकर चेक किया।
सीएए के विरोध में दिल्ली में सोमवार को हिंसा हो गई। इसके बाद जिले में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। गाजियाबाद और दिल्ली से सटे इलाके में पुलिस ने गश्त की। रात साढे़ 11 बजे डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव खेकड़ा थाना क्षेत्र के डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट पर पहुंचे। यहां फुट पेट्रोलिंग की। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से गुजर रहे वाहनों की चेकिंग की। इसके अलावा खेकड़ा पाठशाला चौकी पर भी चेकिंग की गई। डीएम ने बताया कि जिले के सभी बॉर्डर पर पुलिस कर्मचारियों को निगरानी और चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि चेकिंग करें। इसके अलावा रेलमार्ग पर चेकिंग कराई जाएगी। इस विषय में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों से समन्वय कर निगरानी की जाएगी। जिले में माहौल पूरी तरह सामान्य है। माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।