बागपत। डीएम राजकमल यादव ने शनिवार को कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर व जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में आ रही शिकायतों की जानकारी ली और अस्पताल में पहुंचकर सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने और लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान डीएम ने तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को शिकायतों का निस्तारण त्वरित गति से करने के निर्देश दिए। प्रभारी अधिकारी को समय-समय पर कंट्रोल रूम में मिलने वाली शिकायतों की रेंडम जांच के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने संयुक्त जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। डीएम ने वर्न यूनिट का निरीक्षण किया।
इससे पूर्व उन्होंने कहा कि कोविड-19 मरीजों को मधुर व्यवहार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाए। होम आइसोलेट में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं उनका भी स्वास्थ्य विभाग की टीम जाकर प्रतिदिन भ्रमण करें और आवश्यकता वाले व्यक्तियों को मेडिसन किट उपलब्ध कराएं। उनका थर्मल स्कैनर से तापमान व ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन अवश्य मापा जाए।