खेकड़ा। डीएम राजकमल यादव और एसपी अभिषेक सिंह ने शुक्रवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों से बैरकों और जेल परिसर के सघन तलाशी कराई। पेयजल और भोजन की व्यवस्था को देखा। साथ ही बंदियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए।
डीएम राजकमल यादव और एसपी अभिषेक सिंह शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव अब्दुलपुर स्थित जिला जेल पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक बैरकों और जेल परिसर की सघन चेकिंग कराई। खुले स्थानों की मेटल डिटेक्टर से भी चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अस्पताल, भोजनालय और पेयजल व्यवस्था को देखा। जेल की साफ सफाई व्यवस्था भी देखी। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली।
डीएम ने जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह को बंदियों को कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंस का पालन कराने, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग कराने के भी निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी मनीष कुमार मिश्रा, सीओ खेकड़ा मंगल सिंह रावत, कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।