सिंखैड़ा गांव निवासी किसान ने डीएम से शिकायत, किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से भुगतान कराने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत संचालित ड्रिप टपका विधि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक किसान ने अवैध वसूली और जिला उद्यान अधिकारी पर घोटाला करने का आरोप लगाया। इस मामले में डीएम ने सीडीओ को जांच के आदेश दिए है।
सिखैड़ा गांव के रहने वाले किसान नरेंद्रपाल सिंह ने डीएम को दी शिकायत में बताया कि उसने ड्रिप टपका सिंचाई विधि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के बाद बिचौलियों ने उससे संपर्क किया और योजना के तहत बैंक खाते में आने वाले धनराशि को जिला उद्यान कार्यालय में देने के लिए कहा। मना करने पर उसे योजना का लाभ नहीं दिया गया। आरोप लगाया कि जिला उद्यान विभाग के अधिकारियों ने दो किसानों के नाम से 35-35 हजार रुपये का भुगतान कराया गया, जबकि उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। शिकायत मिलने के बाद डीएम ने सीडीओ को दूसरे विभागों के अधिकारियों की टीम से जांच कराने के निर्देश दिए।
योजना का लाभ लेने वाले किसानों के खाते में अनुदान भेजा जाता है। इसका पहले सत्यापन होता है और ठेकेदार द्वारा खेत में पाइपलाइन बिछाई जाती है। इसमें 10 फीसदी का भुगतान किसान करता है और 90 फीसदी का भुगतान विभाग की तरफ से किया जाता है। मुझपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। - दिनेश अरुण, जिला उद्यान अधिकारी, बागपत।